इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण, चाकू की नोक पर बनाया बंधक; UPI से ट्रांसफर कराए एक लाख रुपये

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को आरोपियों ने रास्ते में पकड़ लिया और आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उन्हें पंडरीपानी ले जाकर बंधक बनाया गया। आरोपियों ने मारपीट कर उनके मोबाइल का पासवर्ड और UPI ऐप की जानकारी हासिल की और करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
चाकू दिखाकर किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, ग्राम जकेला निवासी प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए।
आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया।
मोबाइल और UPI का पासवर्ड लेकर कराया ट्रांजेक्शन
पंडरीपानी पहुंचने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई।
पुलिस के मुताबिक, खाते की करीब एक लाख रुपये की ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म होने तक रकम ट्रांसफर की गई। आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया और परिवार को सब कुछ ठीक होने की बात कहलवाई, ताकि उन्हें अपहरण की जानकारी न हो सके।
कमरे में बंधक बनाकर रखा
रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उन्हें पंडरीपानी स्थित एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया। इधर, परिजनों को घटना पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर प्रोफेसर की लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए।
परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया।
24 घंटे के भीतर एक आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। रातभर चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और उनके UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ट्रांसफर की गई रकम कराई सुरक्षित
पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में आरोपियों ने रकम ट्रांसफर कराई थी। पुलिस के प्रयास से ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया गया है।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुसौर थाने में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार, राहुल सिदार समेत पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।



