नाले में कचरे का ढेर देख भड़कीं महापौर, अधिकारियों को लगाई फटकार
हीरापुर नाले की सफाई व्यवस्था पर महापौर सख्त, मौके पर दिए कड़े निर्देश

रायपुर। बारिश के मौसम से पहले शहर की नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के अभियान के तहत रायपुर की महापौर(Mayor) मीनल चौबे ने सोमवार को नगर निगम जोन-8 क्षेत्र के हीरापुर यदुवंशी चौक स्थित कैनाल लिंकिंग रोड नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले से निकाला गया भारी मात्रा में कचरा आसपास फैला हुआ मिलने पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल कचरे का उठाव कर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कमिश्नर को सफाई की प्रतिदिन निगरानी रखने के दिए निर्देश
महापौर(Mayor) ने जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल को निर्देशित किया कि नाले की प्रतिदिन निगरानी की जाए और उनके सामने नियमित सफाई कार्य कराया जाए। साथ ही सफाई कार्य की दैनिक रिपोर्ट भी निगम मुख्यालय को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नाले की गहराई तक सफाई कर गाद और अन्य अवरोधों को पूरी तरह हटाना जरूरी है।
सुरक्षा और मजबूती के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण का प्रस्ताव किया तैयार
निरीक्षण के दौरान महापौर(Mayor) ने नाले के किनारे सुरक्षा और मजबूती के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर निगम आयुक्त के माध्यम से स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द इस कार्य को आगे बढ़ाया जाए।
महापौर मीनल चौबे ने यह भी बताया कि संबंधित नाला जल संसाधन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसे देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को विभाग को पत्र लिखकर कच्चे नाले को पक्का बनाने का अनुरोध करने के निर्देश दिए। यदि विभाग स्वयं कार्य नहीं कराता है तो नगर निगम को कार्य कराने के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में जल निकासी की सुचारु व्यवस्था बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद मनीष ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता विशाल पाण्डेय, स्थानीय नागरिक, महिला समूहों के सदस्य, युवा तथा नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

