Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

रायपुर में दोना-पत्तल कारोबार के नाम पर ठगी का मामला

3 से 4 लाख रुपये लेकर फोन बंद करने का आरोप

रायपुर | देशभर में साइबर और निवेश से जुड़ी ठगी के मामलों के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दोना(plates)-पत्तल मशीन के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोना-पत्तल मशीन के कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने कई लोगों को कारोबार और मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये जमा करवा लिए। मामले में पीड़ितों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने के बाद डीडी नगर थाने में भी आवेदन दिया है।

लाखों रुपये लेकर वादा पूरा नहीं करने का आरोप

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी शैलेंद्र कुमार रजक, जो स्वयं को एक संस्था का संचालक बताता है, लोगों को दोना(plates)-पत्तल निर्माण की मशीन बेचने का प्रस्ताव देता था। आरोप है कि मशीन बेचने के साथ ही ग्राहकों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि उन्हें दोना(plates)-पत्तल निर्माण के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा और तैयार माल को वापस खरीदकर लाभ भी दिया जाएगा।

मशीन बेचने और बायबैक का वादा, फिर गायब

पीड़ितों का आरोप है कि मशीन की कीमत और कच्चे माल की सुरक्षा राशि के नाम पर प्रति व्यक्ति लगभग तीन से चार लाख रुपये तक जमा कराए गए। हालांकि, कई लोगों को न तो मशीन उपलब्ध कराई गई और न ही वादे के अनुसार कच्चा माल दिया गया। आरोप यह भी है कि राशि जमा होने के बाद संबंधित व्यक्ति ने संपर्क करना बंद कर दिया।

पीड़ित चंद्रहास वर्मा ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मशीन की कीमत के रूप में 1 लाख 54 हजार 80 रुपये और कच्चे माल की सुरक्षा राशि के रूप में 1 लाख 46 हजार रुपये, कुल 2 लाख 95 हजार रुपये जमा किए थे। उनका कहना है कि भुगतान के बावजूद उन्हें न तो वादा पूरा मिला और न ही उनकी राशि वापस की गई।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों के कुछ लोगों ने भी इस मामले में शिकायत की है। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता विवेक तवानी ने बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button