Follow Us on Our Social Media
National

छात्रों पर पैलेट गन चलाने वालों को सजा मिले: राहुल गांधी, बोले- सच बोलने के लिए माफी नहीं मांगूंगा

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को संसद में हुई बहस के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर छात्रों के साथ बर्बरता की गई, उन पर पैलेट गन चलाई गई, शॉक बैटन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि वह सच बोलने के लिए कभी माफी नहीं मांगेंगे।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संसद में उन्हें अपनी बात पूरी रखने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह कहा गया था कि यदि वह माफी मांग लें तो उन्हें बोलने दिया जाएगा, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

छात्रों को न्याय दिलाने का किया वादा

राहुल गांधी ने कहा कि जिन छात्रों के साथ मारपीट हुई है, उन्हें न्याय दिलाया जाएगा और जिन लोगों ने छात्रों पर पैलेट गन चलाई, उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र और अधिकार-संपन्न समिति से कराने की मांग की।

पुलिस कार्रवाई पर लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने दावा किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे छात्र से मिले, जिसकी आंख में छर्रे लगे हैं और उसकी दृष्टि प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और महिलाओं के साथ कील लगे डंडों से मारपीट की गई तथा उनके खिलाफ फेशियल रिकग्निशन तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

गृह मंत्रालय पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने की, जो गृह मंत्रालय के अधीन आती हैं। उन्होंने गृह मंत्री की संसद में अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर जवाब देने के लिए सदन में क्यों नहीं आए।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button