जिन 3 नेताओं को मृत बताया गया था, वे खामेनेई के अंतिम संस्कार में दिखे; इजराइल के दावों पर उठे सवाल

ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद, आईआरजीसी प्रमुख अहमद वाहिदी और कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल कानी अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में नजर आए। इन तीनों के बारे में युद्ध के दौरान इजराइल की ओर से उनके मारे जाने के दावे किए गए थे।
तीनों नेताओं के सार्वजनिक रूप से सामने आने के बाद इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं। अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या युद्ध के दौरान अन्य नेताओं की मौत को लेकर भी गलत जानकारी सामने आई थी और ये सभी अब तक सार्वजनिक रूप से क्यों नहीं दिखे।
अहमदीनेजाद को पहली बार अंतिम संस्कार में देखा गया। वहीं अहमद वाहिदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान को झुकाने का अमेरिका का सपना कभी पूरा नहीं होगा और देश पीछे हटने वाला नहीं है। इस्माइल कानी भी समारोह में मौजूद रहे, जबकि पहले उनके घायल या मारे जाने की खबरें आई थीं।
दूसरी ओर, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए। ईरान का कहना है कि सुरक्षा कारणों और संभावित इजराइली हमले के खतरे को देखते हुए उन्होंने समारोह से दूरी बनाई है। सरकार के मुताबिक, वह सुरक्षित हैं और उनके घायल होने की खबरें सही नहीं हैं।

