छत्तीसगढ़ के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, रेल मंत्री के प्रति मुख्यमंत्री ने जताया आभार
रेल कनेक्टिविटी विस्तार से औद्योगिक विकास, रोजगार और व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ

रायपुर | छत्तीसगढ़ सरकार ने चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। ₹755 करोड़ की इस परियोजना से राज्य की रेल अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री(Chief Minister) विष्णु देव साय ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से राज्य में रेल नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है और विकास की गति तेज हो रही है।
मुख्यमंत्री(Chief Minister) ने कहा कि परियोजना पूरी होने पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी और यात्री सुविधाओं में सुधार आएगा। अतिरिक्त रेल लाइन बनने से परिचालन में आने वाली बाधाएं कम होंगी और भविष्य में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कोरबा क्षेत्र देश की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां से कोयला आपूर्ति बड़े स्तर पर की जाती है। चांपा-कोरबा रेल लाइन साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम करती है, जिससे कोयला परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री(Chief Minister) ने कहा कि इस परियोजना से न केवल माल परिवहन आसान होगा बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उद्योगों के विकास, निवेश में वृद्धि, व्यापार विस्तार और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा होंगे।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में रेल अधोसंरचना पर केंद्र सरकार द्वारा लगातार निवेश किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क तेजी से विस्तारित हो रहा है और राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

