विशाखापत्तनम में 6 साल के बच्चे की मौत, होमवर्क को लेकर टीचर ने मारा था चांटा; CCTV में सामने आया पूरा मामला

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक छह वर्षीय बच्चे की मौत का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। टाउन इलाके के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र प्रणय की स्कूल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर महिला शिक्षक ने बच्चे को चांटा मारा, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
CCTV फुटेज में दिखी पूरी घटना
सामने आए CCTV फुटेज में महिला शिक्षक कक्षा में बच्चों का होमवर्क जांचती नजर आ रही है। इसी दौरान प्रणय भी शिक्षक के पास पहुंचता है। फुटेज में शिक्षक बच्चे की शर्ट का बटन लगाती दिखाई देती है। बच्चा रोता हुआ और हाथ से मना करने का इशारा करता नजर आता है। इसके बाद शिक्षक उसे चांटा मार देती है।
चांटा लगने के कुछ ही सेकंड बाद बच्चा शिक्षक की ओर गिर जाता है। शिक्षक उसे संभालने की कोशिश करती दिखाई देती है, लेकिन बच्चे के शरीर में कोई हलचल नजर नहीं आती।
परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे
परिजनों के अनुसार प्रणय 20 अगस्त की सुबह सामान्य स्थिति में घर से स्कूल गया था। परिवार का कहना है कि दोपहर में उन्हें बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। इसके बाद वे उसे तत्काल किंग जॉर्ज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल के CCTV फुटेज देखने के बाद उन्हें शिक्षक द्वारा बच्चे को डराने और चांटा मारने की जानकारी मिली। परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजन शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस CCTV फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



