बिलासपुर को सीएम साय ने 134 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
, बेलतरा महाविद्यालय का नाम स्व. सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर होगा

बिलासपुर। सीएम साय ने गुरुवार को बिलासपुर दौरे के दौरान जिले को 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बेलतरा महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर किए जाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है और यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की
मुख्यमंत्री ने 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबी भी सौंपी। इसके अलावा एसईसीएल के सीएसआर मद से निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम और दिव्यांगजन शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास भी किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया। इससे जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
सुशासन, विकास और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता: सीएम
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण उनकी सरकार की प्राथमिकता है। सरकार गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा कर रही है और जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।

