रायगढ़ पुलिस ने 37.50 लाख के 150 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

रायगढ़ पुलिस ने साइबर तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से पिछले तीन महीनों में 150 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 37.50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइलों का सत्यापन और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
तीन महीने में 150 मोबाइल किए ट्रेस
पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम और चोरी होने की शिकायतें CEIR पोर्टल पर दर्ज की गई थीं। साइबर टीम ने इन शिकायतों के आधार पर तकनीकी जानकारी जुटाकर मोबाइलों को ट्रेस किया। बरामद किए गए मोबाइल रायगढ़ के अलावा बिहार, कोलकाता, कोरबा, जांजगीर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, पूंजीपथरा, तमनार, छाल और खरसिया क्षेत्रों में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
कई नामी कंपनियों के महंगे मोबाइल बरामद
बरामद मोबाइलों में वीवो, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, वनप्लस, सैमसंग और मोटोरोला समेत कई कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित उपयोगकर्ताओं से संपर्क कर मोबाइल वापस प्राप्त किए और आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जताई खुशी
लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उन्होंने खुशी जाहिर की। पुलिस की कार्रवाई से मोबाइल मालिकों को राहत मिली है। साइबर टीम ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर गुम हुए मोबाइलों की पहचान और बरामदगी की प्रक्रिया पूरी की।
मोबाइल गुम होते ही पुलिस को दें सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही CEIR पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक और ट्रेसिंग के लिए रिपोर्ट करें। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल को ट्रेस करने और बरामद करने में पुलिस को मदद मिलती है।
मोबाइल में बैंकिंग, यूपीआई, ई-मेल और सोशल मीडिया अकाउंट जुड़े होने पर संबंधित पासवर्ड बदलकर खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई है। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी दूसरे व्यक्ति का मिला हुआ मोबाइल इस्तेमाल न करें और उसे तत्काल पुलिस को सौंप दें।



