पेंड्रा में खड़ी दो खराब कारों में लगी भीषण आग, पेट्रोल पंप तक पहुंचने से पहले बुझाई गई लपटें

पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर काव्या पेट्रोल पंप के पीछे खड़ी दो खराब कारों में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई। इसके बाद पेंड्रा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से पास स्थित पेट्रोल पंप तक लपटें नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा टल गया।
असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का शक
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर दोनों कारों में आग लगाई होगी। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पेंड्रा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



