घरघोड़ा में दो किराना दुकानों में बड़ी चोरी, 5 लाख से अधिक नकदी और जेवरात पार

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में चोरों ने थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित दो किराना दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकानों की छत की फॉल्स सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुए और 5 लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी है।
फॉल्स सीलिंग तोड़कर दुकानों में घुसे चोर
जयस्तंभ चौक के पास संतोष किराना दुकान और गोकुलचंद मामाराज किराना दुकान संचालित होती हैं। रोज की तरह दोनों दुकानदार रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो छत की फॉल्स सीलिंग टूटी मिली। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
संतोष किराना दुकान के संचालक सचिन अग्रवाल के मुताबिक दुकान में रखे करीब 4 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी हुए हैं। वहीं दूसरी दुकान से भी 1 लाख रुपये से अधिक की नकदी गायब मिली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
पहले भी तीन दुकानों में हुई थी चोरी
घरघोड़ा क्षेत्र में इससे पहले 21-22 अगस्त की दरमियानी रात तीन दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। पूजा रेस्टोरेंट, प्रियदर्शी वैरायटी होम जनरल मर्चेंट और इंडियन गैस एजेंसी में चोरों ने ताले तोड़कर करीब 44 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस कर रही जांच
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव के अनुसार, चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल चोरी की कुल रकम स्पष्ट नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।



