बेकार नहीं जाएगी सोलर बिजली, अगले बिजली बिल में मिलेगा क्रेडिट
पीएम सूर्यघर योजना के लाभार्थियों को बड़ा फायदा, सरप्लस बिजली की दर तय

रायपुर | प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर(Solar) संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ग्रिड में भेजी गई अतिरिक्त (सरप्लस) सोलर(Solar) बिजली की खरीद दर तय कर दी है। इसके बाद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने इस दर को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ग्रिड में भेजी गई अतिरिक्त सोलर बिजली का मिलेगा भुगतान, बिजली बिल होगा कम
कंपनी की ओर से बताया गया है कि निर्धारित दर को मंजूरी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) को भेजा गया है। आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद पात्र उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सोलर(Solar) बिजली की राशि आगामी बिजली बिलों में क्रेडिट के रूप में दिखाई देगी।
अधिकारियों के अनुसार, नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत सोलर संयंत्र से उत्पादित बिजली का पहले उपभोक्ता की मासिक खपत में समायोजन किया जाता है। यदि खपत के बाद भी बिजली बचती है और ग्रिड में जाती है, तो उसकी यूनिट उपभोक्ता के खाते में जमा होती रहती है।
सोलर उपभोक्ताओं के खाते में जुड़ेगा पैसा, अगले बिजली बिल में दिखेगा क्रेडिट
वित्तीय वर्ष के अंत में बची हुई अतिरिक्त यूनिट का निर्धारित दर पर बायबैक किया जाता है। इसकी राशि उपभोक्ता के खाते में जमा कर आगामी बिजली बिलों में समायोजित की जाती है। वहीं, प्रत्येक नए वित्तीय वर्ष में यूनिट का लेखा-जोखा नए सिरे से शुरू किया जाता है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री सोलर(Solar) मुफ्त बिजली योजना के तहत अतिरिक्त बिजली के समायोजन और बायबैक की पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संचालित की जाती है।

