शोएब ढेबर की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम, 25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में है फरार

रायपुर। कांग्रेस नेता को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने की इनाम की घोषणा
शोएब ढेबर के खिलाफ तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज है। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इसी बीच पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने पहले शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।
कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दोबारा गिरफ्तारी की तलाश
पुलिस के अनुसार, आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे छोड़ने की अनुमति मिली थी। बाद में पुलिस ने मामले के आधार पर 28 सितंबर को नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार कर ली थी।
इसके बाद से पुलिस शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले के लिए इनाम घोषित किया गया है।




