AI से जहरीले पदार्थ की जानकारी लेकर पिता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, 17 वर्षीय किशोर पर केस

पाकिस्तान के बहावलपुर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के गलत इस्तेमाल से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 17 वर्षीय किशोर पर आरोप है कि उसने AI चैटबॉट्स से जहरीले पदार्थों के बारे में जानकारी हासिल की और कथित तौर पर अपने पिता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. हालांकि, उसकी कोशिश सफल नहीं हुई.
पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने मामले में किशोर के खिलाफ केस दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आए डिजिटल रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी ने AI चैटबॉट्स पर जहरीले पदार्थों, उनके प्रभाव और उनसे जुड़े प्रयोगों को लेकर कई सवाल पूछे थे.
AI चैटबॉट्स से लगातार पूछ रहा था सवाल
FIR के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को अमेरिकी FBI से एक AI यूजर से संबंधित जानकारी मिली थी, जिसे बाद में NCCIA के साथ साझा किया गया. जांच एजेंसी का दावा है कि संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड में ऐसे सवाल पाए गए, जिनसे उसके पिता को नुकसान पहुंचाने की कथित मंशा का संकेत मिला.
NCCIA के निदेशक हुसाम बिन इकबाल के अनुसार, किशोर ने शुरुआत में Google Gemini का इस्तेमाल किया और बाद में Anthropic के Claude तथा X के Grok जैसे अन्य AI चैटबॉट्स से भी जानकारी हासिल की.
घर में बनाई थी लैब
जांच के दौरान अधिकारियों ने बहावलपुर में रहने वाले 17 वर्षीय किशोर तक पहुंच बनाई. रिपोर्ट के अनुसार, उसके माता-पिता को कथित गतिविधियों की जानकारी नहीं थी. हालांकि, वे जानते थे कि उनके बेटे की केमिस्ट्री में रुचि थी और उसने घर पर प्रयोग करने के लिए एक छोटी लैब बना रखी थी.
अदालत से तलाशी वारंट मिलने के बाद अधिकारियों ने उसके घर की तलाशी ली. इस दौरान एक iPhone 15 Pro Max और कई रासायनिक पदार्थ बरामद किए जाने का दावा किया गया है.
‘Breaking Bad’ से प्रेरित होने का दावा
जांच में यह भी सामने आया कि किशोर कथित तौर पर अमेरिकी टीवी सीरीज ‘Breaking Bad’ से प्रभावित था. अधिकारियों ने उसके डिजिटल रिकॉर्ड और घर से बरामद सामान के आधार पर मामले की आगे जांच की.
फिलहाल किशोर के खिलाफ पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक क्राइम्स एक्ट (PECA) 2016 की धारा 15 और पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच जारी है.



