कोरबा में 15 घंटे टापू पर फंसे 3 दोस्त, पुलिस ने सुरक्षित निकाला; छत्तीसगढ़ में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कोरबा के देवपहरी जलप्रपात में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्त नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टापू पर फंस गए। करीब 15 घंटे तक टापू पर रहने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश हुई है। बस्तर संभाग में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भी बारिश हुई। कोरबा में सोमवार दोपहर से हुई तेज बारिश के कारण दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला उफान पर आ गए। कई घरों में भी पानी घुस गया।
अगले 2 दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
केलो डैम से पानी छोड़ा, निचले इलाकों में अलर्ट
रायगढ़ के केलो जलाशय में लगातार पानी की आवक बढ़ रही है। इसके चलते जलाशय से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे केलो नदी का जलस्तर करीब 3 फीट तक बढ़ने की संभावना है। जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से नदी, जलभराव वाले क्षेत्रों और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।
रायपुर में 24 घंटे में 120 मिमी बारिश
रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी में मंगलवार को भी बादल छाए रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बस्तर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में बस्तर संभाग में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। छोटेडोंगर में 180 मिमी, अंतागढ़ और बास्तानार में 160-160 मिमी, बड़े बचेली में 130 मिमी, उसूर और जगरगुंडा में 110-110 मिमी तथा दरभा में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जगदलपुर में 50 मिमी, बीजापुर में 100 मिमी और सुकमा में 90 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
प्रदेश में अब तक सामान्य से 4% कम बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान अब तक 832.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 866.4 मिमी होती है। इस तरह प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 4% कम है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।
नारायणपुर में अब तक सबसे ज्यादा 48 इंच बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 31% अधिक है। इसके बाद बलरामपुर में 43 इंच, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 41.9 इंच, बीजापुर में 41.8 इंच और महासमुंद में 38.4 इंच बारिश हुई है।
बेमेतरा में सबसे कम बारिश
बेमेतरा में अब तक 18.8 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 31.1 इंच है। यहां बारिश सामान्य से 40% कम है। सूरजपुर में 20.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य से 41% कम है। जशपुर में 26.7 इंच और कांकेर में 25.4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।
रायपुर में अब तक 34.3 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से 15% अधिक है। गरियाबंद में 36 इंच और धमतरी में 31.6 इंच बारिश दर्ज की गई है।



