सिंगापुर में CM साय का निवेश पर फोकस, SING Forum 2026 से पहले बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में हुए शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में भाग लेने सिंगापुर पहुंचा है। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने निवेश, व्यापार और आर्थिक साझेदारी को लेकर सिंगापुर के कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया।
Gardens by the Bay के अधिकारियों से हुई बैठक
सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध Gardens by the Bay के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को Gardens by the Bay की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। दोनों पक्षों के बीच उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन और जैव विविधता वाला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि Gardens by the Bay की विशेषज्ञता और अनुभव का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक इससे प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM साय
मुख्यमंत्री साय SING Forum की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में SBF के सदस्यों के अलावा Mastercard, Tata Consultancy Services, Nestlé और The Indian Hotels Company Limited के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भी इसमें भागीदारी रही।
सिंगापुर के उद्योग जगत को निवेश का न्योता
लीडरशिप डिनर भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद का मंच बना।
मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों और MSME, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
5 अक्टूबर को SING Forum में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO Roundtable में हिस्सा लेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा होगी।



