यूथ कांग्रेस चुनाव रद्द करने की मांग, शिव डहरिया बोले- कई जगह BJP के लोगों ने डाले वोट; SIR पर भी लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। डहरिया ने आरोप लगाया कि चुनाव में कई जगह भाजपा के लोगों ने वोट डाले और बड़े पैमाने पर धांधली हुई। उनके मुताबिक, चुनाव को लेकर कई स्थानों से शिकायतें सामने आई हैं और प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही।
SIR के तहत काटे गए नामों को जोड़ने के लिए बीएलओ के पहुंचने को लेकर भी शिव डहरिया ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं और भाजपा ने चुन-चुनकर कांग्रेस समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटवाए।
डहरिया ने दावा किया कि SIR में 25 लाख लोगों के नाम काटे गए, जबकि चुनाव में जीत-हार का अंतर करीब 6.30 लाख वोट का था। उन्होंने कहा कि यदि पहले नाम काटने के लिए शिविर लगाए गए थे, तो अब नाम जोड़ने के लिए भी शिविर लगाए जाने चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शिव डहरिया ने युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। सितंबर में उन्होंने चुनाव में कथित तौर पर पैसे के इस्तेमाल और उम्मीदवारों को लेकर भी आरोप लगाए थे।



