हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला टीम की कप्तानी, तीनों फॉर्मेट से हटने का फैसला

हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। कप्तानी से हटने का फैसला भारतीय क्रिकेट बोर्ड के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद लिया गया।
समीक्षा बैठक के बाद लिया फैसला
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की समीक्षा बैठक गुवाहाटी में हुई, जिसकी अध्यक्षता बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने की। बैठक में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार मौजूद रहे। बैठक के बाद हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया।
हरमनप्रीत ने कहा- फैसला आसान नहीं था
कप्तानी छोड़ने के फैसले को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि यह उनके लिए आसान निर्णय नहीं था। कप्तानी के दौरान उनके जीवन में कई यादें, भावनाएं और त्याग जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम हमेशा उनके लिए सबसे ऊपर रही और कप्तान के तौर पर उन्होंने टीम को बेहतर बनाने के लिए कई कठिन फैसले लिए।
उन्होंने कहा कि वह भारी मन से कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन उन्हें संतोष है कि टीम अब बेहतर हाथों में है। उन्होंने बतौर कप्तान अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाने की बात कही। साथ ही कोच, सहयोगी स्टाफ, टीम की साथी खिलाड़ियों और परिवार का समर्थन करने के लिए आभार जताया।
कप्तान के तौर पर रहा लंबा अनुभव
37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने भारत के लिए 5 टेस्ट, 51 वनडे और 155 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कप्तानी की है। बतौर कप्तान उनका आखिरी बड़ा अभियान पिछले महीने एशियन गेम्स में रहा, जहां भारतीय महिला टीम ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया।
कप्तानी छोड़ने के बावजूद हरमनप्रीत टीम का हिस्सा रहेंगी। उन्होंने अपने संदेश में साफ किया कि कप्तानी की जिम्मेदारी खत्म होने के बाद भी भारतीय क्रिकेट के प्रति उनका जुड़ाव और प्यार पहले की तरह बना रहेगा।



