राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं का चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़कर फहराया तिरंगा

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों ने मंगलवार को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन किया। इंडिया गठबंधन के नेता संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च के लिए निकले। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में ‘वोट बचाओ’ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लिए हुए थे।
मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। करीब 19 विपक्षी दलों के नेताओं ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़े, फहराया तिरंगा
मार्च के दौरान पुलिस ने विपक्षी नेताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी। इसी दौरान राहुल गांधी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और तिरंगा फहराया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
AAP और DMK प्रदर्शन से दूर
इंडिया गठबंधन के इस मार्च में आम आदमी पार्टी और डीएमके शामिल नहीं हुईं। आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह अपनी राजनीतिक लड़ाई अलग तरीके से लड़ रही है। वहीं अन्य विपक्षी दलों ने मतदाता सूची और SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।
किन दलों ने लिया हिस्सा
प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी-शरद पवार, शिवसेना-यूबीटी, राष्ट्रीय जनता दल, वाम दलों के साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और कई अन्य क्षेत्रीय दलों के नेता शामिल हुए।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विपक्ष के मार्च को देखते हुए संसद मार्ग, चुनाव आयोग कार्यालय और जंतर-मंतर समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। नई दिल्ली जिले में 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। इसमें पुरुष और महिला पुलिस कंपनियां भी शामिल हैं। अहम स्थानों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। विपक्षी दलों ने आने वाले दिनों में ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर भी प्रदर्शन और जनसभाएं आयोजित करने का ऐलान किया है।
आगे भी जारी रहेगा विपक्ष का अभियान
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के मुताबिक, विपक्षी दलों का अभियान केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। 8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर पदयात्राएं आयोजित करने की योजना है। इसके बाद ब्लॉक और राज्य स्तर पर बैठकें तथा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत रैलियां आयोजित करने की बात कही गई है।



