सलमान खान की ‘मॉन्स्टर’ में दो खतरनाक विलेन की एंट्री, अरविंद स्वामी और अभिमन्यु सिंह से होगा मुकाबला

सलमान खान की अगली एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मॉन्स्टर’ को लेकर नई जानकारी सामने आई है। वामसी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सलमान खान के साथ नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ सलमान का सामना दो दमदार खलनायकों से होने की बात सामने आई है।
अरविंद स्वामी और अभिमन्यु सिंह निभाएंगे अहम किरदार
फिल्म में साउथ अभिनेता अरविंद स्वामी की एंट्री पहले ही हो चुकी थी। अब उनके किरदार को लेकर दावा किया जा रहा है कि वह सलमान खान के सामने खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में निगेटिव किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता अभिमन्यु सिंह भी फिल्म का हिस्सा बन गए हैं। ऐसे में फिल्म में सलमान खान का मुकाबला अरविंद स्वामी और अभिमन्यु सिंह से देखने को मिल सकता है।
कोरियन टीम तैयार कर रही है एक्शन सीक्वेंस
‘मॉन्स्टर’ में एक्शन को बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी है। सलमान खान कोरियन एक्शन कोरियोग्राफी टीम के साथ मुश्किल और रॉ एक्शन सीन्स की शूटिंग कर रहे हैं। मेकर्स फिल्म में जरूरत से ज्यादा वीएफएक्स के बजाय वास्तविक और प्रभावशाली एक्शन दिखाने पर जोर दे रहे हैं। सलमान फिल्म के कई हाई-इम्पैक्ट एक्शन दृश्यों के केंद्र में नजर आएंगे।
‘मातृभूमि’ के बाद ईद 2027 पर रिलीज की तैयारी
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को रिलीज से जुड़ी मंजूरी मिलने की खबरों के बीच इसके नवंबर में रिलीज होने की चर्चा है। हालांकि, अभी रिलीज डेट को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। इसके बाद ‘मॉन्स्टर’ को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। फिल्म के बड़े एक्शन सीक्वेंस को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है।



