सिंगापुर दौरे से लौटे CM साय, छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव; रोजगार बढ़ने की जताई उम्मीद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चार दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर थे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को उद्योग जगत के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश के लिए ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। सरकार के मुताबिक, इन निवेश प्रस्तावों के धरातल पर आने से प्रदेश में रोजगार के अवसर और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एनर्जी सेक्टर में बड़ा निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री के अनुसार, सिंगापुर दौरे के दौरान Energy Capital Global की ओर से करीब ₹41,750 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसके तहत छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट का AI-ready डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा सोलर एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट के क्षेत्र में करीब ₹1,500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव भी मिला है। वहीं, एग्री और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में करीब ₹350 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव सामने आया है। इन नए प्रस्तावों के बाद कुल निवेश प्रस्तावों का आंकड़ा ₹43,600 करोड़ तक पहुंचा है।
स्किल डेवलपमेंट के लिए हुआ MoU
सीएम साय ने बताया कि सिंगापुर की ITE Education Services के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में MoU भी किया गया है। इस साझेदारी का उद्देश्य प्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों और समझौतों को आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद आगे बढ़ा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, जिससे प्रदेश की जनता को इसका लाभ मिल सके।
PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर बोले CM साय
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का भी जिक्र किया। केंद्र सरकार के अनुसार, मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 6 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनके 25 वर्षों के निरंतर नेतृत्व पर बधाई प्रस्ताव पारित किया।
सीएम साय ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में इस पड़ाव के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में सेवा ज्योति कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, जिसे जिला मुख्यालयों पर सुना जाएगा।



