देश में फिर बदला मौसम: यूपी में बाढ़ के बीच बारिश, बिहार के 26 जिलों में येलो अलर्ट; उत्तराखंड में लैंडस्लाइड
42 जिलों में बारिश का अलर्ट, यूपी के 466 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में; राजस्थान में 11-12 अक्टूबर को बारिश के आसार, पंजाब-हरियाणा में भी बदलेगा मौसम

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून ( Weather) की विदाई के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। उत्तर प्रदेश में बाढ़ के बीच बारिश का दौर शुरू हो गया है।
लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर और सुल्तानपुर समेत 5 शहरों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लखनऊ में बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। गोमती नदी का जलस्तर लगातार 10वें दिन बढ़ रहा है। प्लासियो मॉल के आसपास भी पानी भर गया है।
यूपी में आज 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उधर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। 6 जिलों के करीब 466 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 8 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
बिहार में 26 जिलों में येलो अलर्ट
बिहार में भी मानसून की विदाई से पहले मौसम ने करवट ली है। पटना और बेगूसराय समेत कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। बगहा के दोन क्षेत्र में कई घरों में पानी भरा हुआ है। बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण ग्रामीण इलाकों में परेशानी बनी हुई है।
उत्तराखंड में बारिश के साथ लैंडस्लाइड
उत्तराखंड में बुधवार को मौसम अचानक बदला। देहरादून समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। आज प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर सारीगाड़ के पास लैंडस्लाइड होने से रास्ता बंद हो गया। वहीं, नैनीताल हाईवे पर कई जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
चमोली में भारी बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश के आसार
पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम ( Weather) ने करवट ली है। कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। 8 अक्टूबर को भी पंजाब के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
हरियाणा में भी पिछले दिनों की गर्मी के बाद मौसम बदलने के संकेत हैं। 8 से 13 अक्टूबर के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में आंधी के साथ बारिश की संभावना है।
राजस्थान में 11-12 अक्टूबर को बारिश
राजस्थान में फिलहाल दिन के तापमान के बाद रात के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 11 और 12 अक्टूबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 12 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगेगी।
छत्तीसगढ़ में दुर्ग में ओले गिरे
छत्तीसगढ़ में भी बुधवार को मौसम ( Weather) बदला। दुर्ग में शाम के समय तेज बारिश के साथ ओले गिरे। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के बावजूद स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।
देश के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में एक साथ सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई जगह बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यूपी और बिहार में जहां बाढ़ के बीच बारिश ने मुश्किलें बढ़ाई हैं, वहीं उत्तराखंड में लैंडस्लाइड और बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है।



