महान नदी पुल की बदहाल सड़क देख भड़के डिप्टी CM अरुण साव, बोले- ‘क्या मुझे एक-एक ब्रिज और सड़क देखना पड़ेगा?’

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग पर स्थित महान नदी पुल का औचक निरीक्षण किया। पुल पर सड़क की खराब स्थिति देखकर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने बड़े और मुख्य मार्ग पर स्थित पुल की ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि न तो सड़क के लिए स्वीकृति में कोई दिक्कत है और न ही किसी अन्य स्तर पर समस्या है, इसके बावजूद सड़क की हालत खराब है।
उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा, “इतना बड़ा ब्रिज है और उसकी ये दुर्दशा है। मेन रोड के ब्रिज की ये हालत बना रखे हो। इससे एक्सीडेंट होगा कि नहीं? क्या एक्सीडेंट का इंतजार कर रहे हो?”
‘क्या मुझे एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क देखना पड़ेगा?’
डिप्टी CM ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बार-बार निर्देश देने के बावजूद काम समय पर नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे आकर देखना पड़ेगा एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क? आज का तो हुआ नहीं है। बार-बार बोलने के बाद समझ नहीं आता है।”
उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों में बैठकर काम न करें, बल्कि मौके पर उतरकर सड़कों और पुलों की स्थिति का जायजा लें।
‘अधिकारी मैदान में उतरकर काम करें’
अरुण साव ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि उन्हें मैदान में उतरकर काम करना होगा। उन्होंने सरगुजा के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “एसी कमरे वाले अधिकारी चेत जाएं।”
डिप्टी CM ने संबंधित अधिकारियों को पुल और सड़क की मरम्मत का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि खराब सड़क के कारण किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।



