ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट अचानक नीचे गिरी, 15 मिनट तक फंसा रहा डिलीवरी बॉय; पैर में 3 फ्रैक्चर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुण माईवुड्स सोसाइटी में लिफ्ट में खराबी के कारण एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार देर रात डिलीवरी देने पहुंचे श्याम नाम के युवक के साथ यह हादसा हुआ। वह करीब 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा। बाहर निकलने के लिए गेट खोलने की कोशिश के दौरान लिफ्ट अचानक तेजी से नीचे गिर गई। हादसे में उसके पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हो गए। उसकी कमर और छाती में भी चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑपरेशन कर पैर में डाली गई रॉड
हादसे के बाद लोगों ने किसी तरह लिफ्ट का गेट खोलकर श्याम को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उसकी चोटें गंभीर होने के कारण डॉक्टरों को ऑपरेशन करना पड़ा। पैर में रॉड डाली गई है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
श्याम के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। उसके भाई सुमित के मुताबिक, इलाज पर लगातार खर्च होने से परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। परिवार अब बिल्डर और सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की तैयारी कर रहा है। उनकी मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और घायल युवक के इलाज का खर्च दिलाया जाए।
लिफ्ट के रखरखाव पर उठे सवाल
महागुण माईवुड्स सोसाइटी में लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। सोसाइटी के एओए अध्यक्ष अनिल वर्मा के अनुसार, लिफ्ट के मेंटेनेंस को लेकर पहले शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वहीं, निवासियों का आरोप है कि यदि सुरक्षाकर्मी समय पर मौके पर पहुंच जाते, तो स्थिति को संभालने में मदद मिल सकती थी। हादसे के बाद सोसाइटी की लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सभी लिफ्टों की सुरक्षा जांच कराने की मांग
घटना के बाद निवासियों ने सोसाइटी की सभी लिफ्टों की सुरक्षा जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लिफ्टों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए और खराबी की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



