Follow Us on Our Social Media
National

चक्रवात ‘अर्नब’ से छत्तीसगढ़ में बिगड़ा मौसम, उत्तर हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट; धान की फसल भीगी

चक्रवात ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में लगातार दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा में बारिश का अलर्ट है।

रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। प्रदेश के 14 जिलों में स्कूलों की छुट्टी भी जारी है। बलरामपुर में बारिश के कारण खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी रहने से धान के दाने काले पड़ने और फसल में फफूंद लगने का खतरा है। बारिश जारी रहने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

तेज हवाओं से पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

बुधवार को बस्तर संभाग से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसका असर रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिला। रायपुर में शाम के समय करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

बुधवार को जगदलपुर में 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ के पुसौर क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल झुक गई। बिलासपुर, गरियाबंद और दुर्ग में भी बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं।

धीरे-धीरे कमजोर हो रहा चक्रवात

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। अनुमान है कि अगले छह घंटों में यह कमजोर होकर चक्रवाती तूफान की श्रेणी से नीचे आ जाएगा और इसके बाद अगले छह घंटों में कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।

हालांकि, चक्रवात के कमजोर होने के बावजूद छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश का अनुमान है। अगले दो दिनों तक भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है।

रायपुर में सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान

रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे तक शहर में 8.1 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button