अमेजन में फिर छंटनी, 250 कर्मचारियों की गई नौकरी; सुबह ईमेल और मैसेज से मिली सूचना

अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। इस बार कंपनी की डिवाइस यूनिट में करीब 250 पदों पर कटौती किए जाने की खबर है। यह यूनिट किंडल ई-रीडर और इको स्मार्ट स्पीकर जैसे उत्पाद तैयार करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े पदों पर पड़ा है। प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज के जरिए नौकरी से हटाए जाने की जानकारी दी गई।
कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन ने कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल में बताया कि संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा के बाद कुछ पद खत्म करने का फैसला लिया गया है। अमेजन ने भी छंटनी की पुष्टि की है, हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर प्रभावित कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई है।
क्यों की गई कर्मचारियों की छंटनी?
कंपनी के प्रवक्ता के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य कामकाज को अधिक कुशल बनाना और उत्पादों से जुड़ी योजनाओं के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना है। यह छंटनी ऐसे समय में हुई है, जब टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अपने कामकाज और कर्मचारियों की भूमिकाओं में बदलाव कर रही हैं।
छंटनी से एक दिन पहले अमेजन ने अपनी इंजीनियरिंग लीडरशिप का सितंबर का एक मेमो जारी किया था। इसमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में AI की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की गई थी। मेमो में कहा गया कि डेवलपर्स को इस बदलाव को अपनाने और नई तकनीक सीखने के लिए समय निकालना होगा। इसमें AI को सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के भविष्य का अहम हिस्सा बताया गया।
नए डिवाइस लॉन्च के बीच फैसला
अमेजन की डिवाइस यूनिट ने हाल ही में एलेक्सा आधारित पांच नए डिवाइस पेश किए हैं। इनमें नए डिजाइन वाला इको शो 16 स्मार्ट डिस्प्ले, एलेक्सा फोटो फ्रेम और बेडसाइड पर इस्तेमाल होने वाली इको टाइम घड़ी शामिल हैं। इन उत्पादों को तैयार करने में कंपनी की यही यूनिट शामिल रही है।
पहले भी कई दौर में हो चुकी है छंटनी
अमेजन इससे पहले भी कर्मचारियों की संख्या घटा चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी महीने कंपनी के मुख्य रिटेल डिवीजन से करीब 1,000 कर्मचारियों को हटाने का फैसला लिया गया था। जनवरी में कंपनी ने 16,000 पदों में कटौती की घोषणा की थी, जबकि पिछले साल अक्टूबर में लगभग 14,000 कर्मचारियों की नौकरी गई थी।
एक तरफ कंपनी बड़े पैमाने पर AI में निवेश कर रही है, वहीं दूसरी ओर टेक सेक्टर में नौकरियों पर दबाव बना हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन इस साल AI क्षेत्र में 220 अरब डॉलर तक निवेश कर सकता है। Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक टेक सेक्टर में 1.35 लाख से अधिक नौकरियां खत्म हो चुकी हैं। ड्रॉपबॉक्स ने भी अपने वैश्विक कर्मचारियों की संख्या में 9 प्रतिशत कटौती की घोषणा की है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट ने कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है।



