नवंबर के पहले सप्ताह में आईपीओ बाजार की रफ्तार धीमी, 13 कंपनियों की होगी शेयर बाजार में एंट्री

अक्टूबर में आईपीओ बाजार में जबरदस्त हलचल के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में प्राइमरी मार्केट की रफ्तार कुछ धीमी रहने वाली है। 2 से 6 नवंबर के बीच निवेशकों के लिए केवल एक नया आईपीओ खुलेगा, जबकि 13 कंपनियों के शेयर शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी में हैं। इनमें पांच मेनबोर्ड और आठ एसएमई कंपनियां शामिल हैं। इस सप्ताह निवेशकों की नजर वेदांत पॉली फैब्स और बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के आईपीओ पर रहेगी।
वेदांत पॉली फैब्स का 56.68 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलेगा
नवंबर के पहले सप्ताह में निवेश के लिए वेदांत पॉली फैब्स लिमिटेड का एसएमई आईपीओ खुलेगा। 56.68 करोड़ रुपये का यह इश्यू 2 से 4 नवंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा। कंपनी ने शेयरों का प्राइस बैंड 88 से 94 रुपये तय किया है।
इस आईपीओ के जरिए कंपनी 54.26 लाख नए शेयर जारी कर 51.01 करोड़ रुपये जुटाएगी। वहीं, ऑफर फॉर सेल के तहत 6.04 लाख शेयर बेचे जाएंगे, जिनसे करीब 5.67 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।
रिटेल निवेशकों को कम से कम 2,400 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा। अपर प्राइस बैंड के आधार पर न्यूनतम निवेश 2,25,600 रुपये होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 5 नवंबर को फाइनल होने की उम्मीद है, जबकि 9 नवंबर को एनएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग संभावित है।
वेदांत पॉली फैब्स फ्लेक्सिबल पैकेजिंग मटेरियल बनाती है। कंपनी के प्रमुख उत्पादों में श्रिंक फिल्म, प्रिंटेड लैमिनेट्स और पैकेजिंग पाउच शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों और उपभोक्ता वस्तुओं की पैकेजिंग में किया जाता है।
बॉम्बे कोटेड स्टील्स आईपीओ पर निवेशकों की नजर
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स का 183.06 करोड़ रुपये का मेनबोर्ड आईपीओ 29 अक्टूबर को खुला था। इसमें निवेश करने की आखिरी तारीख 2 नवंबर है। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके तहत कंपनी 2.23 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी कर रही है। इसके लिए 78 से 82 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है।
रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 182 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसके लिए कम से कम 14,924 रुपये निवेश करने होंगे।
शुरुआती दो दिनों में इस आईपीओ को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। 30 अक्टूबर तक यह कुल 3.98 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की श्रेणी 6.89 गुना और रिटेल निवेशकों की श्रेणी 3.17 गुना सब्सक्राइब हुई थी। शेयरों का अलॉटमेंट 3 नवंबर को फाइनल होने की उम्मीद है, जबकि 5 नवंबर को बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग हो सकती है।
कंपनी स्टील प्रोसेसिंग के कारोबार से जुड़ी है। यह स्टील कॉइल को प्रोसेस कर ऐसे उत्पाद तैयार करती है, जिनका इस्तेमाल ऑटोमोबाइल, घरेलू उपकरण और इंजीनियरिंग क्षेत्र में किया जाता है।
2 से 6 नवंबर के बीच पांच मेनबोर्ड कंपनियों की लिस्टिंग
इस सप्ताह मेनबोर्ड श्रेणी में पांच कंपनियों के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी है। 2 नवंबर को ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स की लिस्टिंग होगी। इसके बाद 3 नवंबर को बीएलएस पॉलिमर्स और एसएफसी एनवायर्नमेंटल टेक्नोलॉजीज के शेयर बाजार में उतरेंगे। 4 नवंबर को एमके संस फाइन ज्वेल्स की लिस्टिंग होगी, जबकि 5 नवंबर को बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के शेयर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
आठ एसएमई कंपनियों के शेयर भी होंगे लिस्ट
एसएमई श्रेणी में इस सप्ताह आठ कंपनियों की लिस्टिंग प्रस्तावित है। 3 नवंबर को विस्कॉन इंडस्ट्रीज के शेयर बाजार में दस्तक देंगे। 4 नवंबर को अजवा प्रोजेक्ट्स और कार्वर रोबोवेल्ड की लिस्टिंग होगी। 5 नवंबर को अंताला इंडस्ट्रीज के शेयर सूचीबद्ध होंगे।
वहीं, 6 नवंबर को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन चार एसएमई कंपनियों की लिस्टिंग प्रस्तावित है। इनमें जॉनसनकैब इलेक्ट्रिकल्स, मैक्सवेल इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस, वेक्ट्रास एनप्रोकॉन और एचजीएस (इंडिया) शामिल हैं।
हालांकि, आईपीओ और लिस्टिंग की ये तारीखें संभावित हैं। एक्सचेंज के अंतिम कार्यक्रम के अनुसार इनमें बदलाव हो सकता है। यह जानकारी केवल बाजार से जुड़ी अपडेट के उद्देश्य से है, इसे निवेश की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श करना उचित है।



