Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI रिमांड मंजूर, CM विष्णुदेव साय ने केंद्रीय एजेंसियों का जताया आभार

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CBI और केंद्रीय एजेंसियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि विदेश में मौजूद सौरभ चंद्राकर को देश वापस लाया गया है। अब CBI उससे पूछताछ करेगी और महादेव सट्टा एप मामले में शामिल दोषियों को दंडित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “हम CBI और केंद्रीय एजेंसी को धन्यवाद करना चाहेंगे कि महादेव सट्टा एप का मुख्य अपराधी सौरभ चंद्राकर, जो विदेश में था, उसको देश में लाया गया है। अब CBI उससे पूछताछ करेगी और जो भी महादेव सट्टा एप में शामिल दोषीदार है, वो दंडित होंगे।”

इधर, बुधवार को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। CBI ने पूछताछ के लिए उसकी 10 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत ने 8 दिन की रिमांड मंजूर कर दी। अब सौरभ को 12 नवंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

सुरक्षा कारणों से दिल्ली में होगी पूछताछ

अदालत ने CBI को सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति भी दी है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उससे रायपुर के बजाय दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। अदालत ने शाम के समय सौरभ को अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन पेश किया है। ऐसे में CBI की पूछताछ पूरी होने के बाद ED की ओर से भी उसकी कस्टडी मांगे जाने की संभावना है।

saurabh chandrakar raipur court 1

ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया सौरभ चंद्राकर

गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची थी। मामले में दिल्ली की अदालत ने उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी।

अब CBI उससे कथित सट्टा नेटवर्क, एप के संचालन और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन के संबंध में पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य लोगों और कथित गतिविधियों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उम्मीद जताई है कि पूछताछ के बाद महादेव सट्टा एप मामले में शामिल लोगों की भूमिका सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button