‘रामायण’ में रावण के सिंहासन पर खर्च हुए 1 करोड़ रुपये, 24 कैरेट सोने से तैयार हुआ यश का भव्य सिंहासन

मुंबई। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की भव्यता, शानदार विजुअल्स और विशाल सेट की जमकर तारीफ हो रही है। हालांकि, फिल्म में कई दृश्यों को वीएफएक्स के जरिए तैयार किया गया है, लेकिन कुछ चीजें वास्तविक रूप से बनाई गई हैं, जिन पर मेकर्स ने करोड़ों रुपये खर्च किए हैं।
फिल्म के आर्ट डायरेक्टर रमेश अंदाले ने एक इंटरव्यू में सेट और प्रॉप्स से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि रावण के किरदार में नजर आ रहे यश के विशाल सिंहासन को तैयार करने में आर्ट डिपार्टमेंट की टीम को करीब चार महीने लगे।
24 कैरेट सोने से तैयार हुआ रावण का सिंहासन
रमेश अंदाले के मुताबिक, रावण के सिंहासन को भव्य रूप देने के लिए 24 कैरेट के पिघले हुए सोने और गोल्ड लीफ का इस्तेमाल किया गया है। इस सिंहासन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले सिंहासन का क्ले मॉडल तैयार किया गया, ताकि उसमें बारीक से बारीक डिजाइन और डिटेलिंग की जा सके। इसके बाद फाइबर की मदद से इसका वास्तविक स्वरूप तैयार किया गया।
चार महीने तक चली तैयारी
रावण के सिंहासन को फिल्म के भव्य सेट का खास हिस्सा बनाने के लिए आर्ट डिपार्टमेंट की टीम ने करीब चार महीने तक मेहनत की। इस तरह मेकर्स ने फिल्म के विजुअल अनुभव को शानदार बनाने के लिए केवल वीएफएक्स ही नहीं, बल्कि वास्तविक सेट और प्रॉप्स पर भी भारी निवेश किया है।



