खेलते-खेलते आग में फेंकी मोबाइल की पुरानी बैटरी, धमाके में झुलसे मासूम की मौत

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुर में बच्चों द्वारा खेल-खेल में आग में फेंकी गई पुरानी मोबाइल बैटरी के फटने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम रविवार को मजदूरी के लिए ट्रैक्टर लेकर घर से बाहर गए थे। घर पर उनकी पत्नी और पांच बच्चे मौजूद थे। शाम करीब पांच बजे उनकी पत्नी घर के पास नल से पानी भरने गई हुई थी। इसी दौरान एक वर्षीय आदित्य सिंह नेताम अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था।
बैटरी डालने से लगी आग
बताया जा रहा है कि खेलते समय बच्चों को कहीं पड़ी पुरानी मोबाइल बैटरी मिल गई। बच्चों ने उसे उठाकर घर के पास ले आए, जहां कूड़ा जलाया जा रहा था। खेल-खेल में उन्होंने बैटरी को आग में डाल दिया। कुछ ही क्षण बाद बैटरी में जोरदार विस्फोट हुआ। उस समय आदित्य बैटरी के काफी करीब खड़ा था, जिससे वह सीधे उसकी चपेट में आ गया।
धमाके के बाद बैटरी से निकली गर्म सामग्री और आग की लपटों ने मासूम के चेहरे, सीने, पेट और हाथों को गंभीर रूप से झुलसा दिया। तेज आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची और बच्चे को गंभीर हालत में देखा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
ईलाज के दौरान मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार तड़के करीब चार बजे मासूम ने दम तोड़ दिया। आदित्य परिवार की पांच संतानों में सबसे छोटा था। इस हादसे ने एक बार फिर पुरानी बैटरियों और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से ऐसी वस्तुओं को बच्चों की पहुंच से दूर रखने और सावधानी बरतने की अपील की है।

