
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा देना महंगा हो गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा से जुड़े विभिन्न शुल्कों(charge) में बढ़ोतरी कर दी है। नए आदेश के बाद नियमित विद्यार्थियों से लेकर स्वाध्यायी परीक्षार्थियों तक को पहले की तुलना में अधिक राशि जमा करनी होगी।
340 रुपए करने होंगे अतिरिक्त खर्च
मंडल द्वारा जारी संशोधित शुल्क(charge) सूची के अनुसार, नियमित छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क, प्रायोगिक परीक्षा और अंकसूची शुल्क मिलाकर पहले 460 रुपए लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 800 रुपए कर दिया गया है। यानी छात्रों को अब 340 रुपए अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
इसके अलावा नामांकन शुल्क(charge) में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां इसके लिए 80 रुपए देने पड़ते थे, वहीं अब छात्रों को 200 रुपए जमा करने होंगे। अतिरिक्त विषय लेने वाले विद्यार्थियों के लिए शुल्क 110 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए कर दिया गया है।
2000 रुपए निर्धारित की गई विलंब शुल्क की राशि
केवल नियमित छात्रों ही नहीं, बल्कि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों और अवसर परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों पर भी इसका असर पड़ेगा। पूरी हाईस्कूल या हायर सेकेंडरी परीक्षा के लिए स्वाध्यायी छात्रों का शुल्क 1230 रुपए से बढ़ाकर 1600 रुपए कर दिया गया है। वहीं विशेष विलंब शुल्क की राशि अब 2000 रुपए तक निर्धारित की गई है। विषय परिवर्तन, परीक्षा केंद्र परिवर्तन और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़े शुल्कों में भी संशोधन किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय वित्त समिति और कार्यपालिका समिति की बैठकों में लिए गए प्रस्ताव के आधार पर किया गया है और इसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किया जा रहा है।

