टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा पर चिंता, AICWA ने अमित शाह को लिखा पत्र; मुंबई छोड़ सकते हैं कलाकार

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि अगर कलाकारों पर इस तरह के हमले जारी रहे और अंडरवर्ल्ड का डर बना रहा, तो बड़े कलाकार और फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियां मुंबई छोड़ने के लिए मजबूर हो सकती हैं।
AICWA ने अपने पत्र में कहा है कि बॉलीवुड देश की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि में महत्वपूर्ण योगदान देता है। फिल्म इंडस्ट्री लाखों लोगों की आजीविका का साधन है। ऐसे में शूटिंग के दौरान डर का माहौल बनने और कामकाज प्रभावित होने से फिल्म सेट, स्टूडियो, शूटिंग शेड्यूल और निवेश पर असर पड़ सकता है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को उठाना पड़ता है, जो रोजाना काम करके अपना और अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि अगर मुंबई जैसे बड़े शहर में टाइगर श्रॉफ जैसी मशहूर हस्ती सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों के मन में भी सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। AICWA ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाएं जारी रहने पर फिल्म इंडस्ट्री, उससे जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका और मुंबई की पहचान को नुकसान पहुंच सकता है।
इंदौर से 22 वर्षीय इंजीनियर हिरासत में
टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच के दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर से 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। युवक की पहचान प्रांजल के रूप में बताई गई है, जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया। जांच एजेंसियां अब मामले में हथियारों की सप्लाई, आरोपियों के संपर्क और कथित साजिश से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
भाई से मिलने इंदौर आया था युवक
बताया जा रहा है कि प्रांजल करीब पांच दिन पहले अपने भाई से मिलने इंदौर आया था, जो वहां रहकर इलाज करवा रहा है। इसी दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को जांच के सिलसिले में उसके इंदौर में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों शहरों की क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग की घटना में युवक की क्या भूमिका रही और उसका अन्य आरोपियों से कोई संबंध है या नहीं। उससे हथियारों की व्यवस्था और कथित साजिश से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
मुंबई में आगे की पूछताछ की तैयारी
संयुक्त कार्रवाई के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस युवक को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाकर आगे की पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और हथियारों की व्यवस्था किस तरह की गई।
हालांकि, हिरासत में लिए गए युवक की भूमिका और अन्य आरोपियों से उसके संबंधों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है। पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



