चैरिटी पर अक्षय कुमार का जवाब: ‘अपनी मदद का ढिंढोरा खुद कैसे पीटूं?’

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता Akshay Kumar ने एक पुराने इंटरव्यू में अपनी चैरिटी और दान को लेकर खुलकर बात की थी। अक्सर मनी माइंडेड होने के आरोपों का सामना करने वाले अक्षय कुमार ने कहा कि वह अपनी मदद और दान का प्रचार करना उचित नहीं समझते।
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने कैंसर पीड़ितों, शिक्षा और बाढ़ राहत के लिए करोड़ों रुपये दान किए, लेकिन कभी इसका प्रचार नहीं किया, तो अक्षय ने कहा, “अगर मैं खुद ही अपनी तारीफ करने लगूं कि मैंने इतने पैसे दिए हैं, तो मैं कितना बेवकूफ लगूंगा।”
अक्षय कुमार ने कहा कि लोगों की मदद करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा दिखावे के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के तौर पर की जानी चाहिए।
मनी माइंडेड होने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता ने कहा कि उन्होंने जो भी पैसा कमाया है, वह अपनी मेहनत और काम के दम पर कमाया है। उन्होंने कहा, “अगर पैसा कमाया है तो लूटकर नहीं कमाया। मैंने मेहनत से कमाया है। कई वर्षों तक मैं सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले सेलिब्रिटीज में शामिल रहा हूं।”
अक्षय कुमार का मानना है कि पैसा जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इसके साथ सामाजिक जिम्मेदारियां निभाना भी उतना ही जरूरी है। उनका यह बयान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

