National

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के गबन का आरोप, जांच में जुटी SIT

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि और बहुमूल्य सामान के कथित गबन का मामला सामने आया है। संतोष दुबे नामक व्यक्ति ने रामजन्मभूमि थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मंदिर के दान-पात्रों में आने वाले सोना, चांदी, आभूषण और नकद राशि के प्रबंधन में भारी अनियमितताएं हुई हैं।

शिकायत में दावा किया गया है कि ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से 200 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि और बहुमूल्य सामान का गबन किया गया। आरोप है कि लेखा-जोखा में हेरफेर कर वास्तविक रकम छिपाई गई और चोरी व गबन को अंजाम दिया गया।

संतोष दुबे ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गिरफ्तारी करने और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कथित कृत्य से राम भक्तों और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपालजी राव और टिन्नू यादव के नाम भी लिए गए हैं।

मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। टीम में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विजय विश्वास पंत, आईपीएस अधिकारी एस. किरण और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। SIT ने जांच शुरू कर दी है और 40 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हाल ही में राम मंदिर की राशि को लेकर सवाल उठाए थे, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है।

फिलहाल ये आरोप जांच के दायरे में हैं और मामले में किसी भी व्यक्ति की जिम्मेदारी आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही तय होगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button