Chhattisgarh

नीट यूजी 2026 अभ्यर्थियों के लिए 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू, सिम्स बिलासपुर की पहल

रायपुर। नीट यूजी 2026 के परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर ने अभ्यर्थियों के लिए 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। यह सुविधा चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के निर्देश पर सिम्स के मनोरोग विभाग द्वारा संचालित की जा रही है।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि मोबाइल नंबर 9425502353 को 18 जून 2026 से आगामी दो सप्ताह तक हेल्पलाइन नंबर के रूप में संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थी परीक्षा परिणाम, काउंसिलिंग, प्रवेश प्रक्रिया, करियर संबंधी चिंता, तनाव, घबराहट या अन्य मानसिक समस्याओं को लेकर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनके शैक्षणिक प्रदर्शन जितना ही महत्वपूर्ण है। प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के दौरान कई छात्र मानसिक दबाव का सामना करते हैं और ऐसे समय में सही मार्गदर्शन एवं सकारात्मक संवाद उन्हें तनाव से उबरने में मदद कर सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन सेवा का लाभ उठाने की अपील की।

सकारात्मक सोच विकसित करना उद्देश्य

मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत नायक ने बताया कि परीक्षा परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान तनाव, चिंता, निराशा और असफलता का डर सामान्य स्थितियां हैं। लेकिन समय पर विशेषज्ञ परामर्श मिलने से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button