छत्तीसगढ़: CM हाउस की बैठक पर कांग्रेस का बड़ा दावा, दीपक बैज बोले- सरकार और संगठन में घमासान

रायपुर: मुख्यमंत्री निवास में देर रात हुई मंत्रियों की बैठक को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच कामकाज को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। बैज के मुताबिक, भाजपा संगठन और सरकार के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।
बैज ने आरोप लगाया कि मंत्रियों को तत्काल मुख्यमंत्री निवास बुलाया गया था, जहां रात 8 बजे से लेकर 2 बजे तक बैठक चली। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के कामकाज पर सवाल उठाए, जबकि मंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री के कार्यों की समीक्षा की मांग की, जिससे बैठक में विवाद की स्थिति बन गई।
शराब ओवररेटिंग पर सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में शराब की ओवररेटिंग का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि हर बोतल पर वसूला जा रहा अतिरिक्त पैसा आखिर किसके पास जा रहा है। उन्होंने इस मामले में ईडी और सीबीआई जांच की मांग भी की।
“मुख्यमंत्री पर मंत्रियों को ही भरोसा नहीं”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल को संभालें। उन्होंने दावा किया कि मंत्रियों को ही मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं है और जरूरत पड़े तो वे कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में आ सकते हैं।
धान खरीदी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
महाराष्ट्र के विधायकों के छत्तीसगढ़ दौरे पर बैज ने कहा कि उन्हें सीधे किसानों से बात करनी चाहिए, ताकि वे जान सकें कि पूर्व की योजनाओं से किसानों को कितना लाभ मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया को और अधिक जटिल बना दिया है।

