National

NEET री-एग्जाम के लिए आज देशभर में NTA की मॉक ड्रिल: 551 शहरों में सेंटर, 22.79 लाख अभ्यर्थियों के लिए 2 लाख कर्मी तैनात

दिल्ली। NEET-UG 2026 री-एग्जाम से एक दिन पहले शनिवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित करेगी। परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है।

21 जून को होने वाली इस परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,000 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। NTA के अनुसार परीक्षा संचालन के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों, 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है।

दोपहर 2 बजे से परीक्षा

NEET-UG परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। वहीं PwD और PwBD श्रेणी के पात्र अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और वे शाम 6:20 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।

दरअसल, 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। जांच में गड़बड़ियों के संकेत मिलने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।

21 जून को जारी कार्ड होगा मान्य

NTA ने स्पष्ट किया है कि 21 जून की परीक्षा के लिए जारी नया एडमिट कार्ड ही मान्य होगा। जिन छात्रों ने इसे पहले ही डाउनलोड कर लिया है, उन्हें दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है।

सुरक्षा के तहत प्रश्नपत्र और गोपनीय सामग्री ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग होगी तथा पुलिस एस्कॉर्ट भी उपलब्ध रहेगा। सभी परीक्षा केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे और उनकी लाइव मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी।

NTA ने छात्रों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने की बात कही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button