कॉकरोच जनता पार्टी का आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और NEET छात्रों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ मुआवजे की मांग

दिल्ली। NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) के संस्थापक अभिजीत दीपके आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले भी 6 जून को उन्होंने इसी मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया था। CJP अब तक पुणे, लखनऊ, अमृतसर, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर और नागपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन कर चुकी है।
प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर NEET परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
दीपके ने पत्र में कहा कि देश का मौजूदा माहौल युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर नकारात्मक असर डाल रहा है। उनका कहना है कि री-एग्जाम की घोषणा के बावजूद छात्रों में तनाव और आत्महत्या की घटनाएं नहीं थमी हैं। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था की मूल समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की है।
उन्होंने (Cockroach Janata Party) विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित अन्य राजनीतिक दलों से भी छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आने की अपील की। दीपके का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था धीरे-धीरे व्यवसाय का रूप लेती जा रही है और सरकारी शिक्षा को मजबूत करने के बजाय निजी संस्थानों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले 36 दिनों में NEET परीक्षा से जुड़े 12 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। इसी मुद्दे को लेकर CJP लगातार अभियान चला रही है।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) की शुरुआत मई में हुई थी। सोशल मीडिया के जरिए तेजी से लोकप्रिय हुई यह पहल परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों और शिक्षा सुधारों की मांग को लेकर सक्रिय है। आज का प्रदर्शन भी इन्हीं मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

