मेसी ने रचा इतिहास, फुटबॉल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 18 गोल: ऑस्ट्रिया पर 2-0 की जीत से अर्जेंटीना नॉकआउट में

दिल्ली। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी (Messi) ने फुटबॉल वर्ल्ड कप में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मुकाबले में दो गोल दागकर मेसी वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजा के 16 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अपने गोलों की संख्या 18 तक पहुंचा दी।
डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर राउंड ऑफ-32 में जगह पक्की कर ली। मैच के 39वें मिनट में मेसी ने शानदार लेफ्ट फुटेड शॉट लगाकर अपना 17वां वर्ल्ड कप गोल किया और इतिहास रच दिया। इसके बाद इंजरी टाइम के 95वें मिनट में उन्होंने दूसरा गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
हालांकि मैच की शुरुआत मेसी (Messi) के लिए निराशाजनक रही। नौवें मिनट में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन मेसी उसका फायदा नहीं उठा सके। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा तीन पेनल्टी मिस करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। बावजूद इसके उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दो गोल दागे और टीम को जीत दिलाई।
38 वर्षीय मेसी (Messi) शानदार फॉर्म में हैं। इससे पहले अल्जीरिया के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक लगाई थी। मौजूदा टूर्नामेंट में उनके पांच गोल हो चुके हैं, जो किसी भी खिलाड़ी से सबसे ज्यादा हैं। जर्मनी के डेनिज उंडाव तीन गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
इस मुकाबले के साथ मेसी लगातार छह वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जायरजिन्हो के रिकॉर्ड की बराबरी की है।
मेसी अपने करियर का रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। वह फुटबॉल इतिहास के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने छह वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है। उनके नाम वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 28 मैच खेलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। 20 साल पहले वर्ल्ड कप डेब्यू करने वाले मेसी अब इस टूर्नामेंट के सबसे सफल गोल स्कोरर बन चुके हैं।

