‘घायल’ के 36 साल पूरे होने पर भावुक हुए सनी देओल, पिता धर्मेंद्र को किया याद; बोले- पापा के भरोसे ने फिल्म को बनाया अमर

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल (Sunny Deol) की सुपरहिट फिल्म ‘घायल’ ने रिलीज के 36 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर सनी देओल ने सोशल मीडिया पर फिल्म के यादगार दृश्यों का एक वीडियो साझा करते हुए अपने दिवंगत पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भावुक अंदाज में याद किया। उनकी पोस्ट को फैंस का खूब प्यार मिल रहा है।
सनी देओल (Sunny Deol) ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक मोंटाज वीडियो शेयर किया, जिसमें ‘घायल’ के कई चर्चित दृश्य शामिल हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “पापा के भरोसे और राज की राइटिंग ने ‘घायल’ को मुमकिन बनाया। आपके प्यार ने इसे अमर बना दिया।” सनी की इस पोस्ट ने फैंस को भी भावुक कर दिया और लोगों ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म की यादें ताजा कीं।
दरअसल, ‘घायल’ सनी देओल (Sunny Deol) के करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। बताया जाता है कि जब कई निर्माता इस फिल्म में निवेश करने के लिए तैयार नहीं थे, तब धर्मेंद्र ने बेटे पर भरोसा जताते हुए खुद फिल्म का निर्माण किया था।
उनका यह फैसला सही साबित हुआ और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। इसके बाद सनी देओल की पहचान बॉलीवुड के दमदार एक्शन स्टार के रूप में और मजबूत हुई।
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में मुंबई स्थित उनके निवास पर हुआ था। ऐसे में ‘घायल’ की सालगिरह पर उन्हें याद करना सनी देओल के लिए बेहद भावुक पल रहा।
फिल्म की 36वीं वर्षगांठ पर अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने भी खास अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने फिल्म के लोकप्रिय गीत ‘माहिया तेरी कसम’ को रीक्रिएट करते हुए एक वीडियो साझा किया।
मीनाक्षी ने लिखा कि ‘घायल’ उनके दिल के बेहद करीब है और तीन दशक बाद इस फिल्म के रोमांटिक गाने को फिर से जीना उनके लिए खास अनुभव रहा।
1990 में रिलीज हुई ‘घायल’ आज भी हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में शुमार है। फिल्म की कहानी, संवाद और सनी देओल का दमदार अभिनय आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है।

