Chhattisgarh

रतनपुर में साध्वी और नपं अध्यक्ष आमने-सामने, एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर में साध्वी पद्मिनीपुरी (Sadhvi) और नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप के बीच विवाद गहरा गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामला अब प्रशासन और पुलिस की जांच के दायरे में पहुंच गया है।

साध्वी पद्मिनीपुरी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया है कि नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष लोगों और भक्तों के बीच यह प्रचार कर रहे हैं कि वह शराब और गांजा का सेवन करती हैं। साध्वी का आरोप है कि इससे उनकी धार्मिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और भक्तों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

उज्जैन में दीक्षा ग्रहण की

साध्वी (Sadhvi) ने बताया कि उन्होंने उज्जैन में संत दीक्षा ग्रहण की है और वर्तमान में चपोरा स्थित एक मठ में साधना कर रही हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से लगातार उन्हें बदनाम करने और धार्मिक गतिविधियों में बाधा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने पुलिस से संरक्षण की मांग भी की है।

पालिक अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि साध्वी  पद्मिनीपुरी (Sadhvi) पहले भी कई लोगों को ब्लैकमेल कर चुकी हैं। कश्यप के अनुसार, उन्होंने भक्तों और एक मंदिर पुजारी को झूठे मामलों में फंसाकर आर्थिक लाभ लेने की कोशिश की थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दोनों पक्षों से मिली शिकायत: पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। साध्वी ने दुर्व्यवहार, मानहानि और धमकी देने के आरोप लगाए हैं, जबकि अध्यक्ष ने भी अपने पक्ष में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों, बयानों और साक्ष्यों की जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button