10 साल बाद अलग होंगे गौरव खन्ना-आकांक्षा चमोला, ‘लॉक अप 2’ में एक्ट्रेस ने तलाक लेने की जानकारी दी

दिल्ली। टीवी अभिनेता गौरव खन्ना (Gaurav Khanna) और उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला की शादी अब टूटने की कगार पर पहुंच गई है। शादी के करीब 10 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया है। इस बात की पुष्टि आकांक्षा ने रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के प्रीमियर एपिसोड में की। उन्होंने बताया कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब तलाक की प्रक्रिया में हैं।
शो में बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा, “मैं और गौरव तलाक ले रहे हैं। हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं। हमारे रिश्ते में कोई कड़वाहट नहीं है। आज भी हम एक-दूसरे से बात करते हैं, लेकिन हमें एहसास हुआ कि हम जीवनसाथी के रूप में एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं। भविष्य को लेकर हमारी सोच और प्राथमिकताएं अलग हैं।”
आकांक्षा ने बताया कि परिवार ने रिश्ते को बचाने की पूरी कोशिश की और दोनों को समय भी दिया गया, लेकिन मतभेद दूर नहीं हो सके। आखिरकार दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया।
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बिग बॉस 19 का एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें गौरव खन्ना (Gaurav Khanna) पिता बनने की इच्छा का जिक्र करते नजर आए थे। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में वह बच्चे चाहते थे, लेकिन बाद में पत्नी आकांक्षा के फैसले का सम्मान करते हुए उन्होंने अपना विचार बदल लिया।
वहीं, बिग बॉस 19 के फैमिली वीक एपिसोड में आकांक्षा ने भी साफ कहा था कि उन्हें कभी मां बनने की इच्छा नहीं हुई। उनका मानना था कि वह बच्चे की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार नहीं हैं और अपने करियर व व्यक्तिगत लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहती हैं।
गौरव खन्ना (Gaurav Khanna) और आकांक्षा चमोला ने कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 24 नवंबर 2016 को कानपुर में शादी की थी। दोनों लंबे समय तक टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल रहे, लेकिन अब उनका रिश्ता आपसी सहमति के साथ खत्म होने जा रहा है।

