दिल्ली-उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट, मंदिरों-रेलवे स्टेशनों और सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई

दिल्ली। दिल्ली और उत्तराखंड में संभावित आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट (Terror attack alert) मोड पर हैं। एक धमकी भरे ईमेल में दिल्ली और उत्तराखंड के कई मंदिरों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद दोनों राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, इंटेलिजेंस एजेंसियों ने संभावित खतरे को देखते हुए दोनों राज्यों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। धार्मिक स्थलों, प्रमुख सरकारी इमारतों, परिवहन केंद्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस को लगातार गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे ईमेल (Terror attack alert) में कुछ राजनीतिक नेताओं का भी जिक्र किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक किसी विशेष स्थान या हमले के समय को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
दिल्ली पुलिस ने ईमेल की सत्यता और स्रोत (Terror attack alert) का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल के डिजिटल ट्रेल और आईपी एड्रेस की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह एहतियाती सुरक्षा व्यवस्था है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां हर इनपुट की गंभीरता से जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें। सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

