ऑपरेशन सिंदूर पर सियासी घमासान, एमपी में बिजली गिरने से 4 मौतें; पढ़ें 28 जून की देश की 8 बड़ी खबरें

दिल्ली। देशभर में शनिवार को राजनीति, मौसम, सुरक्षा, धर्म और प्रशासन से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों (Morning Brief) में रहीं।
ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार आमने-सामने आ गई।
मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हुई, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल AI वीडियो ने धार्मिक विवाद खड़ा कर दिया। पढ़िए 28 जून की देश की 8 सबसे बड़ी खबरें…
1. ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों पर सियासत तेज
ऑपरेशन सिंदूर के छह शहीद जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज (Morning Brief) होने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शहादत की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुराने बयान पर सवाल उठाए। हालांकि रक्षा मंत्रालय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शहीदों को पहले ही सम्मानित किया जा चुका है और मंत्री के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया।
2. मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग झुलस गए। शिवपुरी में तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। रतलाम सहित कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
3. राजस्थान और यूपी में गर्मी का कहर जारी
मानसून की सक्रियता के बावजूद राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी हुई है। राजस्थान के फलोदी में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगरा, प्रयागराज और भिवानी में भी पारा 43 डिग्री के आसपास रहा।
4. AI वीडियो से धार्मिक विवाद, पुलिस में होगी शिकायत
फेसबुक पर वायरल कुछ AI जनरेटेड वीडियो में ईशू को हिंदू देवी-देवताओं से ऊपर दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का ऐलान किया है।
5. छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से बदलेगा बिजली बिल का नियम
छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से बिजली बिल देर से जमा करने पर नई व्यवस्था (Morning Brief) लागू होगी। अब पूरे महीने का लेट पेमेंट सरचार्ज नहीं, बल्कि जितने दिनों की देरी होगी, उसी के हिसाब से प्रतिदिन 0.04 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूला जाएगा। हालांकि बिजली दरों में बढ़ोतरी भी लागू होगी।
6. देवभोग हीरा परियोजना को जल्द मिल सकती है रफ्तार
गरियाबंद की देवभोग हीरा परियोजना को शुरू कराने के लिए राज्य सरकार बिलासपुर हाईकोर्ट में अर्जेंट हियरिंग की तैयारी कर रही है। करीब 23 वर्षों से कानूनी विवाद में फंसी इस परियोजना के शुरू होने से राज्य को बड़ा राजस्व और रोजगार मिलने की उम्मीद है।
7. भारत-बांग्लादेश के लिए फिर शुरू हुई टूरिस्ट वीजा सेवा
भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा सेवा दोबारा शुरू कर दी है। इस फैसले से दोनों देशों के बीच पर्यटन, व्यापार और लोगों के आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
8. यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की तैयारी तेज
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है। पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाली समिति विभिन्न राज्यों के मॉडल का अध्ययन कर रही है। सरकार का कहना है कि सभी पक्षों से सुझाव लेकर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

