रायपुर में आज होगा भाजपा का ‘लोकतंत्र स्मरण’ कार्यक्रम, आपातकाल पर होगी विशेष चर्चाw

रायपुर में भारतीय जनता पार्टी आज राज्य स्तरीय ‘आपातकाल स्मृति दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन करेगी। 25 जून 1975 को लागू किए गए आपातकाल की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उस दौर को याद करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में आपातकाल और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। लोकतंत्र सेनानी संघ ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की है।

