Chhattisgarh

बेमेतरा में डायल-112 की तत्परता से बची युवक की जान,

खिड़की तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस टीम

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में डायल-112 और नवागढ़ थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। नवागढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-15 तिलका पारा में एक युवक के फांसी लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

कमरे का दरवाजा बंद होने और हर पल कीमती होने के कारण पुलिस ने बिना देर किए खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक को फंदे से सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

शराब के नशे में फांसी लगाने की मिली थी सूचना

जानकारी के मुताबिक डायल-112 सेवा को सूचना मिली थी कि तिलका पारा निवासी एक युवक शराब के नशे में अपने कमरे के अंदर फांसी लगाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और नवागढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

खिड़की तोड़कर युवक को बचाया

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर युवक पंखे से लुंगी का फंदा बनाकर लटका हुआ दिखाई दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत खिड़की तोड़ी और कमरे में घुसकर युवक को फंदे से नीचे उतार लिया।

इस रेस्क्यू अभियान में डायल-112 के आरक्षक विजय कुमार घृतलहरे, चालक सोमेश साहू तथा नवागढ़ थाना के प्रधान आरक्षक राजीव शर्मा, आरक्षक भूपेंद्र चंद्रवंशी और राहुल दुबे ने अहम भूमिका निभाई।

तुरंत अस्पताल पहुंचाया

युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवागढ़ पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने की टीम की सराहना

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) ने डायल-112 और नवागढ़ थाना पुलिस की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संकट के समय लोगों की जान बचाना भी है।

उन्होंने रेस्क्यू में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के साहस, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि डायल-112 की यह कार्रवाई पुलिस की जनता के प्रति प्रतिबद्धता का बेहतरीन उदाहरण है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर मिली सूचना और पुलिस की फुर्ती किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button