होटल में टेंट लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत
तिफरा के होटल में कार्यक्रम की तैयारी के दौरान हादसा

बिलासपुर | शहर के तिफरा स्थित ग्रैंड लोटस होटल में टेंट लगाने के दौरान करंट(Current) लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चांटीडीह निवासी रौशन के रूप में हुई है, जो लंबे समय से टेंट डेकोरेशन का कार्य कर रहा था। घटना शुक्रवार को उस समय हुई, जब वह होटल में आयोजित एक कार्यक्रम की तैयारी के लिए टेंट लगाने पहुंचा था।
लोहे के पाइप में दौड़ा करंट,पुलिस जांच में जुटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रौशन टेंट के लोहे के स्ट्रक्चर पर कपड़ा बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसका संपर्क उस लोहे के पाइप से हुआ, जिसमें करंट(Current) प्रवाहित हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट(Current) का झटका इतना तेज था कि युवक पाइप से चिपक गया। उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह छुड़ाया और तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होटल की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पर उठे सवाल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि टेंट का लोहे का पाइप पास से गुजर रहे खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया था, जिससे पूरा ढांचा करंटयुक्त हो गया। इस घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
शहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि करंट किस वजह से फैला और क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

