Chhattisgarh

कवर्धा में जुए के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के कवर्धा क्षेत्र में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, चौकी दामापुर और थाना कुंडा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुआंमालगी में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 52 पत्ती ताश, 6 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिलें जब्त कीं। जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास संचालित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button