आधी रात पति की खुली नींद तो दूसरी पत्नी मिली मृत,
पहली पत्नी ने सौतन की हत्या कर थाने में किया सरेंडर

बालोद-छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के नेवारीकला गांव में एक महिला ने अपनी सौतन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खुद बालोद थाने पहुंची और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए हत्या की बात कबूल कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 47 वर्षीय दया बाई के रूप में हुई है। वहीं हत्या की आरोपी अमृता बाई (42) मृतका के पति चिमन लाल की पहली पत्नी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात 3 बजे खुली पति की नींद, कमरे में मिला शव
मृतका के पति चिमन लाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात परिवार के सभी लोगों ने एक साथ खाना खाया था। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सो गए। दोनों बेटे घर की छत पर सो रहे थे, जबकि पहली पत्नी अमृता बाई उसके साथ एक कमरे में थी और दूसरी पत्नी दया बाई दूसरे कमरे में अकेली सो रही थी।
चिमन लाल ने बताया कि वह शराब के नशे में था। रात करीब 3 बजे उसकी नींद खुली तो पहली पत्नी कमरे में नहीं थी। जब वह दूसरी पत्नी के कमरे में पहुंचा तो देखा कि दया बाई बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी। मोबाइल की टॉर्च जलाकर देखने पर पता चला कि धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई है।
सुबह थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
घटना के बाद अमृता बाई घर से निकल गई। सुबह वह सीधे बालोद थाने पहुंची और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए बताया कि उसने अपनी सौतन की हत्या की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
5 साल पहले हुई थी दूसरी शादी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चिमन लाल और अमृता बाई की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। करीब पांच साल पहले चिमन लाल ने गांव की ही दया बाई से प्रेम विवाह कर उसे घर ले आया था। इसके बाद से परिवार में अक्सर विवाद होने लगा था।
पुलिस के मुताबिक, पिछले छह महीनों से पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। इसी दौरान आरोपी महिला ने अपनी सौतन की हत्या की योजना बनाई थी।
धारदार हथियार से किया हमला
प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार देर रात जब घर के सभी सदस्य सो गए, तब आरोपी महिला ने पहले खाट के हिस्से से दया बाई पर हमला किया। इसके बाद घर में रखे कटहल काटने वाले धारदार फरसा से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी खेत में गई, वहां अपनी साड़ी बदली और सुबह थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कराई है। थाना प्रभारी शिशुपाल सिंहा ने बताया कि शुरुआती जांच में पहली पत्नी द्वारा दूसरी पत्नी की हत्या की बात सामने आई है। आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही मृतका के पति और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस वारदात के बाद पूरे नेवारीकला गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

