National

‘जय बाबा बर्फानी’ के जयघोष के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू: पहले जत्थे को एलजी मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

जम्मू। पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 2026 ( Amarnath Yatra ) का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर स्थित आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा बर्फानी’ के जयघोष के बीच देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए।

जम्मू, श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम के आधार शिविरों (Amarnath Yatra) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन के अनुसार, पहले जत्थे में शामिल होने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु जम्मू के आधार शिविर पहुंच चुके थे। वहीं, श्रीनगर के पंथाचौक, गांदरबल के बालटाल और अनंतनाग के नुनवान (पहलगाम) शिविरों में भी करीब पांच-पांच हजार श्रद्धालुओं ने डेरा डाला है। मौसम अनुकूल रहने पर इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

यात्रा से पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने आधार शिविर (Amarnath Yatra)  का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पंजीकरण, लंगर, पेयजल, स्वच्छता और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा श्रद्धालुओं से बातचीत कर फीडबैक भी लिया।

प्रशासन ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के काफिले की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कुछ मार्गों पर निर्धारित समय के लिए सामान्य यातायात रोका जाएगा। बिना पूर्व पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं के लिए जम्मू के तवी रिवर फ्रंट सहित विभिन्न केंद्रों पर तत्काल पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। बुधवार को 7,400 टोकन वितरित किए गए। इस बार यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button